कोरबा, 06 सितंबर। DMF खनन प्रभावित क्षेत्रों में जिला खनिज न्यास (DMF) मद से कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने रविवार को सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी भवन में निर्धारित 8 एमएम की जगह 6 एमएम सरिया लगाए जाने का मामला सामने आया। कलेक्टर ने मौके पर ही सरिया की माप कराई और अनियमितता मिलने पर संबंधित सब इंजीनियर के निलंबन के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण कार्य की विस्तृत जांच के लिए पंचनामा तैयार कराने और संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि DMF की राशि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीढ़ी मंगवाकर मौके पर नपवाया सरिया
जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत जेन्जरा में DMF मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को भवन में लगाए गए सरिया के निर्धारित माप को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल मौके पर सीढ़ी मंगवाई और जनपद पंचायत के सब इंजीनियर से स्लैब के पास लगे सरिया की माप कराने के निर्देश दिए। संबंधित सब इंजीनियर द्वारा भवन में 8 एमएम सरिया लगाए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन मौके पर माप करने पर कई स्थानों पर 8 एमएम के स्थान पर 6 एमएम सरिया पाया गया।
अनियमितता सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य की विस्तृत जांच के लिए पंचनामा तैयार करने तथा संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिम्मेदार सब इंजीनियर रामकुमार पोर्ते को निलंबित करने के निर्देश दिए।

स्कूल भवन में निर्धारित मापदंड के अनुरूप नहीं मिले टाइल्स
जेन्जरा में ही निर्माणाधीन स्कूल भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने फर्श पर लगाए गए टाइल्स की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंड की जांच की। टाइल्स निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि DMF से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन अनिवार्य है। लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
PDS भवन की नीची प्लिंथ पर भी जताई नाराजगी
ग्राम पंचायत सलोरा में निर्माणाधीन PDS भवन के निरीक्षण के दौरान भवन की प्लिंथ जमीन के स्तर से काफी नीचे पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा।
कटघोरा स्कूल भवन अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटघोरा में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग की निर्माण एजेंसी द्वारा कराए जा रहे स्कूल भवन निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। भवन निर्माण में हो रहे विलंब पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और अक्टूबर 2026 तक भवन का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम जेन्जरा स्थित जर्जर आंगनबाड़ी भवन का भी निरीक्षण किया और उसकी वर्तमान स्थिति के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।

फाइलें अनावश्यक रूप से रोकने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत में लंबित फाइलों और उपयोगिता प्रमाण पत्रों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखे जाएं। उन्होंने कहा कि फाइलें रोकने से निर्माण कार्यों का भुगतान प्रभावित होता है और इससे आगामी विकास कार्यों में भी अनावश्यक देरी होती है।
कलेक्टर ने जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कर्मचारियों के कार्यों की जांच करने और अनावश्यक रूप से फाइलें लंबित रखने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत जेन्जरा के उपयोगिता प्रमाण पत्र पर समय पर कार्रवाई नहीं होने के मामले में संबंधित बाबू का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शासकीय राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन, SDM कटघोरा विपिन दुबे, अपर कलेक्टर माधुरी सोम ठाकुर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।












