Construction Accident : कोरबा में दीवार गिरने से मासूम की मौत…! दो युवक गंभीर…जेसीबी की टक्कर से ढही दीवार

News Power Zone
2 Min Read
Construction Accident

कोरबा, 27 फरवरी।Construction Accident : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन फ्लैट की बाउंड्री वॉल का हिस्सा ढहने से दो साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक शाम करीब 6 बजे फ्लैट के पीछे बनी बाउंड्री वॉल के दूसरी ओर जेसीबी से मलबा और रेत हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी के धक्के से दीवार का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। उस समय कुछ लोग रास्ते से गुजर रहे थे और एक बच्चा पास में खेल रहा था, जो मलबे की चपेट में आ गए।

मलबे में दबने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मोटरसाइकिल और पास में खड़ी सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को मलबे से बाहर निकाला। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रतीक चतुर्वेदी (सीएसपी कोरबा) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।

Share This Article