कलेक्टर कुणाल दुदावत के कड़े तेवर: घुटनों पर आया कोरबा का खनन माफिया, रंगेहाथ जप्त हुईं करोड़ों की मशीनें!

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा।Korba Mining Mafia Action जिले में अवैध खनन और खनिजों के काले कारोबार में लिप्त माफियाओं के खिलाफ कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग ने ‘मिशन मोड’ में सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। विशेष जांच अभियान के दूसरे दिन भी खनिज विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर और 1 टीपर को रंगेहाथों अवैध उत्खनन व परिवहन करते हुए जप्त किया है। इस बैक-टू-बैक कार्रवाई से रेत, मुरुम, गिट्टी और मिट्टी का अवैध धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया है।

कहाँ-कहाँ पड़ी रेड और क्या हुआ जप्त?

खनिज विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में जाल बिछाकर चौतरफा कार्रवाई की:

बरमपुर और सर्वमंगला क्षेत्र: बरमपुर से अवैध रेत ले जाते एक ट्रैक्टर को दबोचा गया। वहीं, सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा को जप्त कर चौकी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

राताखार और जरहा जेल (बरमपुर): राताखार में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक टीपर को पकड़ा गया। वहीं, जरहा जेल बरमपुर के पास बसाहट समतलीकरण की आड़ में बिना वैधानिक अनुमति के चल रहे मिट्टी के खेल को बंद कराया गया। यहाँ मौके पर गर्जना कर रहीं 4 भारी-भरकम चैन माउंटेन मशीनों को जप्त कर सीधे सील कर दिया गया।

गेवरा बस्ती, नरईबोध और तरदा: गेवरा बस्ती से मुरुम का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टरों को पकड़कर कुसमुंडा थाने में खड़ा कराया गया है। नरईबोध में ईंट भट्ठे से अवैध ईंट ले जाते 1 ट्रैक्टर और इंदलभाटा तरदा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर को जप्त किया गया।

उरगा क्षेत्र: यहाँ भी माफिया सक्रिय थे, जहाँ टीम ने दबिश देकर मिट्टी के अवैध उत्खनन में लगी 1 चैन माउंटेन मशीन और 3 हाइवा को जप्त कर सील कर दिया।

राजस्व की क्षति रोकने और माफिया की कमर तोड़ने की कवायद

खनिज विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि इस ताबड़तोड़ कार्रवाई का एकमात्र उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और शासन के राजस्व की चोरी को रोकना है। पकड़े गए सभी वाहनों और मशीनों को संबंधित थानों और खनिज जांच चौकियों की सुरक्षा अभिरक्षा में रखवा दिया गया है।

“अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन में शामिल किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा। इन सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

पीके नायक

उप संचालक खनिज विभाग, कोरबा

Share This Article