Collector Action : कोरबा में निर्माण कार्यों पर कलेक्टर कुणाल दुदावत सख्त…! लापरवाह ठेकेदारों को अल्टीमेटम
शासकीय निर्माण में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं, ब्लैकलिस्ट होंगे दोषी
कोरबा, 05 जनवरी। Collector Action : जिले में शासकीय निर्माण कार्यों में मनमानी, लेटलतीफी और गुणवत्ता में कमी को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने वाली लापरवाह एजेंसियों के अनुबंध निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर के इस अल्टीमेटम के बाद वर्षों से निर्माण कार्य लटकाए बैठे ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। वहीं, ऐसी एजेंसियों को संरक्षण देने वाले अधिकारियों की भी चिंता बढ़ गई है।
शासकीय निर्माण में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं
नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत लगातार जिले के विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा कर रहे हैं। बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निगम, पीएमजीएसवाई सहित विभिन्न निर्माण विभागों के प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सड़कों, स्कूल और कॉलेज भवन, छात्रावास, स्वास्थ्य भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेज एवं विद्यालय भवनों के निर्माण कार्य अगले शैक्षणिक सत्र से पहले पूर्ण करने के आदेश दिए। साथ ही अप्रारंभ और निविदा स्तर के कार्यों में शीघ्र कार्रवाई कर काम शुरू कराने को कहा।
राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। दूरस्थ क्षेत्र लैंगा में सड़क निर्माण में तेजी के लिए निर्माण स्थल के पास वीटी प्लांट स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने बंजारी महाविद्यालय के लंबित कॉलेज भवन और छात्रावास निर्माण को शीघ्र पूरा कराने, कॉलेज तक एप्रोच रोड और बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु डीएमएफ से प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में एसडीएम से समन्वय कर समाधान के निर्देश दिए गए। पीएमजीएसवाई और सेतु विभाग अंतर्गत सड़कों व पुल-पुलियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी मार्गों पर समानांतर कार्य शुरू कराने, मशीनरी और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही मरम्मत कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा।
लापरवाह एजेंसियों पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान कलेक्टर ने दो टूक कहा कि अपेक्षाकृत कम प्रगति (Collector Action) और गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर तत्काल कार्रवाई, अनुबंध निरस्तीकरण और ब्लैकलिस्टिंग की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेका कंपनियों को संरक्षण देने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। कलेक्टर के इस सख्त रुख से जिले में शासकीय निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता आने की उम्मीद जताई जा रही है।



