छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ली पुलिस अफसरों की क्लास..बोले ऐसा काम करें कि…

News Power Zone
2 Min Read

बिलासपुर। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने गुस्वार को बिलासपुर में आई जी कार्यालय स्थित सभागृह में पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली । बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के गृह एवं जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के सचिव, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और बिलासपुर रेंज के जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में लंबित गंभीर अपराधों की स्थिति, ब्लाइंड मर्डर के अनसुलझे मामलों, चाकूबाजी, तलवारबाजी और फायरिंग के मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही लंबित मर्ग के प्रकरण, राष्ट्रीय और राज्य मानव अधिकार आयोग के लंबित मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

महिला और बाल अपराधों के लंबित प्रकरण पर चर्चा और पीड़ितों को क्षतिपूर्ति देने, मानव तस्करी के लंबित मामलों, गुमशुदा महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के प्रकरणों, अनुसूचित जाति और जनजाति पर घटित अपराधों एवं राहत राशि के वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई।

चिटफंड प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच की प्रगति और मादक पदार्थों की नष्ट करने की प्रक्रिया, गौवंश से संबंधित अपराधों, वाहन जब्ती और राजसात की कार्यवाही, जिले के कानून व्यवस्था के संबंध में आगामी कार्ययोजनाओं और जिले में लागू की जा रही बेस्ट प्रैक्टिस पर चर्चा की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई।जिले में बढ़ते महिला एवं बाल अपराध, गौवंश की सुरक्षा, चाकूबाजी और मादक पदार्थों की स्थिति पर चर्चा करते हुए पुलिस को अपराध नियंत्रण के सख्त निर्देश दिए गए।

गृहमंत्री ने पुलिस अधीक्षकों से वन-टू-वन जानकारी लेते हुए अपराधों की रोकथाम के लिए कड़े निर्देश दिए। बैठक में डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया ।

Share This Article