CBSE Teachers Promotion : सीबीएसई शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर विधायक से मुलाकात…! मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

News Power Zone
2 Min Read
CBSE Teachers Promotion

रायपुर, 15 दिसंबर। CBSE Teachers Promotion : छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े सीबीएसई शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने विधानसभा पंडरिया के युवा कांग्रेस नेता इंजीनियर योगेश्वर चन्द्राकर के नेतृत्व में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू से मुलाकात की। यह मुलाकात रायपुर स्थित वन रेस्ट हाउस में आयोजित हुई, जहां शिक्षकों ने अपनी लंबित और गंभीर समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।

इंजी. योगेश्वर चन्द्राकर ने बताया कि वे लगातार जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय रूप से आवाज उठाते रहे हैं। इसी कड़ी में सीबीएसई शिक्षकों की पदोन्नति से जुड़ा अहम मुद्दा विधायक के समक्ष रखा गया।

सीबीएसई शिक्षकों ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सीबीएसई स्कूलों में प्राचार्य पद पर पदोन्नति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। राज्य के लगभग 848 सीबीएसई हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में पदोन्नतियां की गई हैं, लेकिन आरोप है कि यह प्रक्रिया विभागीय नियमावली के अनुरूप नहीं की गई। शिक्षकों का कहना है कि विभागीय स्कूलों के शिक्षकों को नियमों को दरकिनार कर पदोन्नति दे दी गई, जिससे सीबीएसई शिक्षकों के साथ अन्याय हुआ है।

शिक्षकों के अनुसार विभागीय नियमों में स्पष्ट प्रावधान है कि किसी भी शिक्षक को प्राचार्य पद पर पदोन्नति तभी दी जा सकती है, जब वह व्याख्याता पद पर नियुक्त हो, उसके पास कम से कम 10 वर्षों का शैक्षणिक अनुभव हो और बीएड की डिग्री अनिवार्य रूप से हो। इसके बावजूद इन नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे सीबीएसई शिक्षकों में गहरा रोष व्याप्त है।

इस पूरे मामले में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू के माध्यम से मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई, ताकि योग्य और पात्र शिक्षकों को न्याय मिल सके। मुलाकात के दौरान सीबीएसई शिक्षक राजेंद्र झा, भरत लाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Share This Article