Big Spa Raid : रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ पुलिस की कार्रवाई, 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने की जांच

News Power Zone
3 Min Read

रायपुर, 29 अगस्त। Big Spa Raid : रायपुर में स्पा सेंटरों को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के लिए पुलिस की 15 टीमों का गठन किया गया, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की इस बड़े पैमाने पर हुई कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

तीनों जोन में एक साथ चला जांच अभियान

पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्पा सेंटरों में पहुंचकर जांच की।

ग्राहकों के रजिस्टर से CCTV तक की जांच

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता की जांच की। इसके अलावा संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज और स्टाफ रजिस्टर भी चेक किए गए।

पुलिस ने स्पा सेंटरों के लीज और किराये से जुड़े दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात और अन्य आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की। इसके साथ ही परिसर की व्यवस्था और किसी तरह की प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी भी जुटाई गई।

दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इसके बाद संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत संचालित एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्पा सेंटरों पर पुलिस की लगातार निगरानी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कहा गया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी लगातार जारी रहेगी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का यह अभियान स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों की निगरानी करने, आवश्यक नियमों और अनुमतियों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध या प्रतिबंधित गतिविधि पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Share This Article