कोरबा, 29 अस्ग्त। Korba News छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा शनिवार को कोरबा जिला न्यायालय पहुंचे। उनके आगमन से जिला न्यायालय परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला। न्यायालय पहुंचने पर मुख्य न्यायमूर्ति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने कोर्ट परिसर का बारीकी से निरीक्षण करते हुए न्यायालयीन व्यवस्थाओं, सुविधाओं और निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
मुख्य न्यायमूर्ति ने निरीक्षण के दौरान कोर्ट रूम, चिकित्सक कक्ष, विशेष न्यायालय, प्रतिलिपि अनुभाग, शिशु सदन, लोक सूचना अधिकारी कार्यालय, ई-सेवा केंद्र, डिजिटाइजेशन एवं स्कैनिंग रूम सहित न्यायालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालयीन कामकाज के सुचारू संचालन के साथ अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली।
अधिवक्ताओं ने किया सम्मान, मांगों पर मिला भरोसा
मुख्य न्यायमूर्ति के कोरबा पहुंचने पर जिला अधिवक्ता संघ ने आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। संघ की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। अधिवक्ता संघ को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने कहा कि अधिवक्ता संघ के सम्मान समारोह में शामिल होकर उन्हें गौरव का अनुभव हो रहा है। उन्होंने अधिवक्ताओं की ओर से रखी गई मांगों पर विधिवत विचार कर उन्हें पूरा करने का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने और पक्षकारों को समयबद्ध एवं सुगम न्याय दिलाने की दिशा में समर्पित होकर काम करने का आह्वान किया। इस दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गणेश कुलदीप ने अधिवक्ताओं से जुड़ी समस्याओं और मांगों से मुख्य न्यायमूर्ति को अवगत कराया।
लंबित मामलों पर भी हुई सीधी चर्चा
निरीक्षण के साथ मुख्य न्यायमूर्ति ने कोरबा जिला न्यायालय के न्यायाधीशों की बैठक भी ली। बैठक में न्यायालयीन कार्यों, लंबित प्रकरणों और न्यायिक व्यवस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्य न्यायमूर्ति ने अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ न्यायालयों की अधोसंरचना के विकास पर भी लगातार ध्यान दिया गया है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर न्यायालयों की व्यवस्थाओं तथा निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया।
प्रशासन और न्यायिक महकमे के अफसर भी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष संतोष शर्मा, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पराशर सहित जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












