रायपुर, 16 अप्रैल। Fire Accident : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट में भीषण आग लग गई। आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में भड़की और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल विभाग की बड़ी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। शुरुआत में 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बाद में 12 से अधिक दमकल वाहन तैनात किए गए। दमकल कर्मी लगातार कई घंटों से आग बुझाने में जुटे हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
विकराल आग से बढ़ी चिंता
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था। आसपास के व्यापारियों और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।