BSP Khaparganj Stone Pelting : सोहेल खान समेत 4 गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस, TI समेत 9 पुलिसकर्मी हुए थे घायल

News Power Zone
4 Min Read
BSP Khaparganj Stone Pelting

बिलासपुर, 02 सितंबर। BSP Khaparganj Stone Pelting : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खपरगंज इलाके में हुए पथराव और हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में फरार चल रहे सोहेल खान, अरबाज खान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को सिटी कोतवाली से सदर बाजार तक पैदल ले जाकर जुलूस निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

सोशल मीडिया टिप्पणी और पुरानी रंजिश से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, खपरगंज इलाके में युवकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद स्थिति बिगड़ी थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आए। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया।

घटना के दौरान इलाके में तनाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।

भीड़ ने पुलिस पर बरसाए पत्थर, TI समेत 9 घायल

हिंसा को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी भीड़ ने पथराव कर दिया। इस दौरान तारबाहर TI रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज किए और आरोपियों की पहचान शुरू की।

पुलिस ने घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीमें आरोपियों तक पहुंचने में जुटी रहीं।

सोहेल की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, फिर थाने पहुंचकर किया सरेंडर

पुलिस के अनुसार, सोहेल खान की गिरफ्तारी के लिए उसके रिश्तेदारों के घर और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने उसके परिजनों से भी पूछताछ की थी। कार्रवाई बढ़ने के बाद सोहेल देर रात सिटी कोतवाली थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने सोहेल खान, अरबाज खान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को इलाके में जुलूस के रूप में ले जाया गया। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देना भी माना जा रहा है।

ठाकुर राम सिंह समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस की कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई है। मामले में ठाकुर राम सिंह को एक पक्ष का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

इसके अलावा CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हिंसा में शामिल दूसरे लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article