
कोरबा। जिले के ग्राम चचिया में प्रस्तावित कोयला खदान के सर्वे को लेकर गांव में शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। सर्वे टीम के पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। घंटों तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना स्पष्ट जानकारी और ग्राम सभा की सहमति के सर्वे की कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि खदान परियोजना से जमीन, जल स्रोत और पर्यावरण पर असर पड़ेगा। इसी आशंका को लेकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सड़क पर उतर आए।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल केवल प्रारंभिक सर्वे की प्रक्रिया चल रही है और किसी भी आगे की कार्रवाई से पहले नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रित बताई जा रही है, लेकिन तनाव बना हुआ है।



