Breaking: कोरबा प्रेस क्लब चुनाव: क्या राजेंद्र का फिर होगा राज या नौशाद के सिर सजेगा सरताज? 14 जून को महामुकाबला!

कोरबा।Korba Press Club Election 2026 लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले मीडिया जगत की सबसे प्रतिष्ठित संस्था कोरबा प्रेस क्लब के वार्षिक चुनाव का बिगुल फुंक चुका है। इस बार का चुनाव महज एक क्लब की कार्यकारिणी का गठन नहीं, बल्कि साख, रसूख और वर्चस्व की एक ऐसी सियासी जंग बन चुका है, जिसने पूरे जिले का राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है।
इस सियासी रणभूमि में मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प है। एक तरफ हैं राजेंद्र, जो अपनी पुरानी सल्तनत को बचाने और फिर से ‘राज’ कायम करने के लिए पूरी ताकत झोंक चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ, बदलाव की बयार पर सवार नौशाद सत्ता परिवर्तन कर ‘सरताज’ बनने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। दोनों ही धड़े अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं और मतदाताओं को साधने के लिए हर मुमकिन सियासी दांव-पेच चल रहे हैं।
मतदाताओं की खामोशी और भितरघात
प्रेस क्लब के निष्पक्ष और प्रबुद्ध मतदाता फिलहाल ‘साइलेंट मोड’ में हैं। दोनों ही खेमे हर एक वोटर के घर और दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन ऊंट किस करवट बैठेगा, यह कहना अभी मुश्किल है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दोनों ही गुटों को भितरघात (क्रॉस वोटिंग) का डर सता रहा है। जो खेमा अपने असंतुष्टों को मनाने में कामयाब रहेगा, जीत का पलड़ा उसी की तरफ झुकेगा।
“क्या राजेंद्र का ‘राज’ बरकरार रहेगा या नौशाद रचेंगे नया इतिहास?”
इस यक्ष प्रश्न का उत्तर आगामी 14 जून को पेटियों से निकलने वाले मतपत्रों के साथ साफ हो जाएगा। मतदान के दिन सुबह से ही कशमकश दिखने की उम्मीद है और शाम होते-होते यह साफ हो जाएगा कि कोरबा मीडिया की कमान आगामी दो साल के लिए किसके हाथों में होगी। सभी की नजरें अब 14 जून के इस ‘सुपर संडे’ पर टिकी हैं, जहां कोरबा प्रेस क्लब के भाग्य विधाता अपना फैसला सुनाएंगे।





