एयरपोर्ट पर नहीं मिला प्रवेश तो रो पड़ी भाजपा की महिला कार्यकर्ता, बोली- ‘अपमान हो रहा’

News Power Zone
2 Min Read

छतरपुर। खजुराहो एयरपोर्ट के बाहर उस समय भावुक नज़ारा देखने को मिला, जब भाजपा की महिला कार्यकर्ता का दर्द आंसुओं के रूप में छलक पड़ा। तीन दिन पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव के ट्रांजिट विजिट के दौरान एयरपोर्ट पहुंचे कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच यह घटना हुई।

सीएम के स्वागत में पहुंचे भाजपा नेताओं, मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता भी एयरपोर्ट पर मौजूद थे। इसी दौरान भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रजनी यादव को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। एयरपोर्ट गेट पर रोकी गई रजनी यादव का गुस्सा और पीड़ा कैमरों के सामने आ गई।

“मुझे अंदर नहीं जाने दिया, मेरा अपमान किया गया”
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “खजुराहो सांसद वीडी शर्मा सहित कई नेताओं ने मुझे भाजपा में शामिल कराया था। लेकिन आज इसी पार्टी में महिलाओं का सम्मान नहीं हो रहा है। खजुराहो एयरपोर्ट पर मुझे रोका गया, अपमानित किया गया।” उनकी आंखों से बहते आंसू कैमरे में कैद हो गए।

वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने महिला कार्यकर्ता के समर्थन में कमेंट किए, तो कुछ ने एयरपोर्ट की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।

जिला अध्यक्ष ने दी सफाई

इस मामले पर भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी की अपनी गाइडलाइन होती है। प्रवेश केवल उसी लिस्ट के आधार पर दिया जाता है जो पहले से बनाई जाती है। कई बार कार्यकर्ताओं को इस कारण बाहर रुकना पड़ता है। उन्होंने साफ किया कि यह किसी एक व्यक्ति के साथ नहीं बल्कि कई बार अन्य कार्यकर्ताओं के साथ भी हो चुका है।

Share This Article