
कोरबा। Advocate House Theft Case कटघोरा थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के घर हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। करीब एक वर्ष पहले सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नगदी पार करने वाले दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर, एसडीओपी विजय सिंह राजपूत और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर में चोरी हुई थी। परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर का ताला तोड़ा और लगभग 10 तोला सोने के जेवर सहित करीब 50 हजार रुपये नगद चोरी कर फरार हो गए थे। चोरी गए सामान में रानी हार सेट, दो जोड़ी झुमके, सोने की चेन और चांदी की पायल शामिल थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी कटघोरा क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर अमित खांडे और गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रानी हार सेट, झुमके, फैंसी चेन, दो चांदी की पायल, करीब 3 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। कुल बरामद मसरूका की कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अमित खांडे का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कटघोरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें, CCTV कैमरे सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



