
दर्ग। JU Provincial Convention छत्तीसगढ़ के विद्युत कर्मियों के प्रमुख संगठन विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन (JU) का 20वां प्रांतीय अधिवेशन दुर्ग शहर में उत्साह और एकजुटता के साथ सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में प्रदेश भर से आए 500 से अधिक कर्मचारी और यूनियन सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम में कर्मचारियों के हित से जुड़े 20 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए और नई प्रांतीय कार्यकारिणी को ध्वनिमत से अनुमोदित किया गया।

JU Provincial Convention अधिवेशन के दौरान कर्मचारी हित, सेवा शर्तों में सुधार और संगठन की मजबूती जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में 23 महिला कर्मचारियों और यूनियन के 15 सेवानिवृत्त साथियों को सम्मान पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कर्मचारियों के लिए ये रहे प्रमुख प्रस्ताव
अधिवेशन में पारित प्रस्तावों में संविदा कर्मचारियों का तत्काल नियमितीकरण, ठेका प्रथा समाप्त कर नियमित भर्ती शुरू करने और वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग प्रमुख रही।इसके अलावा सभी कैडर की रिस्ट्रक्चरिंग कर रिक्त पदों पर भर्ती करने, तकनीकी एवं कार्यालयीन कर्मचारियों को अधिकारियों की तरह 3 प्रतिशत तकनीकी भत्ता देने और प्रस्तावित वेज रिवीजन 1 जनवरी 2026 से लागू करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

साथ ही कोरबा पश्चिम में निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार देने की मांग भी अधिवेशन में उठाई गई।
नई प्रांतीय कार्यकारिणी को मिली मंजूरी
अधिवेशन में नई प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया, जिसमें Anil Dwivedi को प्रांताध्यक्ष और Ajay Babar को प्रांतीय महासचिव चुना गया। संरक्षक मंडल में C. K. Khande, जे.के. श्रीवास्तव और टी.टी. जॉन को शामिल किया गया है।
प्रांतीय उपाध्यक्ष के रूप में जे.पी. पटेल (अंबिकापुर), सम्मेलाल श्रीवास (कोरबा), पी.वी. चंद्रशेखर (बिलासपुर), यतीश वर्मा (दुर्ग), रामजीत सिंह (जगदलपुर), रीनापुरी गोस्वामी और योगेशरत्न मेश्राम को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अवधेश साहू को संगठन मंत्री, यतींद्र गुप्ता को प्रचार सचिव, सोहनलाल धीवर को कोषाध्यक्ष और कान्हा लाल कौशिक को कार्यालय मंत्री बनाया गया है।
संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान
निवर्तमान प्रांताध्यक्ष C. K. Khande ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष Anil Dwivedi को बधाई देते हुए कार्यभार सौंपा। अपने प्रथम अध्यक्षीय संबोधन में अनिल द्विवेदी ने कहा कि नई टीम कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। वहीं प्रांतीय महासचिव Ajay Babar ने कहा कि यूनियन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जिलों और संभागों से आए प्रतिनिधियों ने भी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन कान्हा कौशिक और यतीश वर्मा ने किया, जबकि आयोजन व्यवस्था में प्रदीप शर्मा और अवधेश साहू की भूमिका सराहनीय रही।





