Featuredकोरबादेशसामाजिक

Korba : गेवरा कोल माइंस में मिट्टी स्खलन से मजदूर की मौत..20 दिन में पांचवी घटना…

कोरबा । गेवरा खदान में नाली निर्माण के कार्य में लगे तीन ठेका मजदूर अचानक ओवहर बर्डन (ओबी) की मिट्टी स्खलन की चपेट में आ गए। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल हो गए हैं, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पत्थर से गंभीर चोटें मजदूरों को आई है।

साऊथ ईस्टर्न कोलफिल्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा खदान के चार नंबर गेट के पास नाली निर्माण का काम त्रिवेणी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। इसके लिए कंपनी ने पेटी ठेकेदार को सिविल वर्क का काम दिया था। शुक्रवार को शाम चार बजे अचानक नजदीक में ही स्थित ओबी से मिट्टी खिसकने लगी। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के तीन मजदूर विशाल नायक, 26 वर्ष, उसका भाई करण व साला काम कर रहे थे। पत्थर गिरने की घटना देख तीनों भागने लगे, पर विशाल व उसका भाई मलबे में दब गए। वहीं विशाल का साला किसी तरह दौड़ लगाकर भाग निकला, पर वह भी पत्थर से चोट लगने की वजह से घायल हो गया। इस घटना की जानकारी मिलने पर प्रबंधन में हड़कंप मच गया। एंबुलेंस से घायलों को गेवरा के विभागीय नेहरू शताब्दी अस्पताल भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत विशाल को मृत घोषित कर दिया। करण को गहन उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिए जाने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलने पर दीपका पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव मर्च्यूरी में रखा दिया है। मृतक मूलत: झारखंड के सरईखेला निवासी था, वर्तमान में दीपका क्षेत्र में ही रहता था।

Related Articles

Back to top button