Bemetara Open Jail : बेमेतरा में शुरू हुई छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल…! 200 कैदी परिवार संग रह सकेंगे…सरकार का बड़ा सुधारात्मक कदम

News Power Zone
2 Min Read
Bemetara Open Jail

रायपुर, 14 जुलाई। Bemetara Open Jail : छत्तीसगढ़ सरकार ने जेल सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव में प्रदेश की पहली ओपन जेल (खुली जेल) तैयार कर दी है। जेल विभाग ने इसके संचालन के आदेश भी जारी कर दिए हैं। करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस सुधारात्मक केंद्र में अच्छे आचरण वाले आजीवन कारावास के कैदियों को रखा जाएगा।

क्या है ओपन जेल मॉडल?

ओपन जेल पारंपरिक जेलों से पूरी तरह अलग व्यवस्था है। यहां न ऊंची दीवारें हैं, न लोहे की सलाखें और न ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था। यह मॉडल कैदियों के आत्म-अनुशासन, जिम्मेदारी और विश्वास पर आधारित है। इसका उद्देश्य केवल सजा नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास है।

परिवार के साथ रहने की सुविधा

इस ओपन जेल में करीब 200 कैदियों को अपने परिवार के साथ रहने की अनुमति मिलेगी। साथ ही वे जेल परिसर में कृषि, पशुपालन और अन्य उत्पादक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर सकेंगे।

किन कैदियों को मिलेगा मौका?

इस सुविधा का लाभ केवल अच्छे आचरण वाले कैदियों को मिलेगा। आदतन अपराधियों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। सामान्यतः ऐसे कैदियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी सजा पूरी होने में एक से दो वर्ष का समय शेष हो, ताकि वे समाज में सम्मानपूर्वक पुनर्वास के लिए तैयार हो सकें।

सुधार और पुनर्वास पर सरकार का फोकस

जेल विभाग का मानना है कि परिवार के साथ रहने और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने से कैदियों का मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और उनके दोबारा अपराध की ओर लौटने की संभावना कम होती है। यदि यह मॉडल सफल रहता है तो भविष्य में प्रदेश के अन्य जिलों में भी ओपन जेल स्थापित करने पर विचार किया जा सकता है।

Share This Article