Atal Statue Controversy : अटल प्रतिमा विवाद पर गरमाई सियासत…! अजय चंद्राकर बोले- पूरे छत्तीसगढ़ में हो सभी अटल मूर्तियों की जांच

News Power Zone
2 Min Read
Atal Statue Controversy

रायपुर, 01 अगस्त। Atal Statue Controversy : कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में स्थापित अटल प्रतिमाओं की जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कांस्य (ब्रॉन्ज) की जगह दूसरी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सिर्फ सब-इंजीनियर का निलंबन काफी नहीं

अजय चंद्राकर ने कहा कि केवल एक सब-इंजीनियर को निलंबित कर देने से मामला खत्म नहीं हो जाता। इस पूरे प्रकरण में जिन अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका रही है, उन सभी की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

बस्तर पंडुम पर कांग्रेस को घेरा

बस्तर पंडुम आयोजन में भ्रष्टाचार के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि हर सरकारी आयोजन का ऑडिट होता है। यदि कोई गड़बड़ी होगी तो जांच में सामने आ जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर बिना तथ्य के राजनीतिक आरोप लगाने का आरोप लगाया।

स्मार्ट मीटर विवाद पर भी हमला

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस के आंदोलन को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि इस योजना की शुरुआत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने कांग्रेस से अपने शासनकाल के फैसलों पर जवाब देने की बात कही।

कांग्रेस संगठन पर भी साधा निशाना

भाजपा विधायक ने कांग्रेस के संगठनात्मक हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी आंतरिक कलह से जूझ रही है और प्रभावी मुद्दों के अभाव में केवल राजनीतिक आरोप लगा रही है।

कुलगाम आतंकी हमले पर जताया दुख

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में छत्तीसगढ़ के मजदूरों पर हुए आतंकी हमले पर दुख व्यक्त करते हुए अजय चंद्राकर ने इसे “टारगेट किलिंग” बताया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत एवं उचित मुआवजा देने की मांग की।

Share This Article