छत्तीसगढ़

ACB Action : पामगढ़ तहसील में ACB का छापा…! अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

धान उपार्जन केंद्र प्रभारी से रिश्वत मांगना पड़ा भारी

जांजगीर-चांपा, 04 फरवरी। ACB Action : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। पामगढ़ तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दबिश देकर अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धान उपार्जन केंद्र प्रभारी से मांगी थी रिश्वत

जानकारी के मुताबिक, दोनों अधिकारियों पर चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से रिश्वत मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि किसी शासकीय कार्य को आगे बढ़ाने और अनुकूल कार्रवाई के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित प्रभारी ने इस पूरे मामले की ACB से शिकायत की थी।

शिकायत मिलते ही ACB ने बिछाया जाल

शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद ACB ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत पामगढ़ तहसील कार्यालय में कार्रवाई की गई। जैसे ही अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, ACB की टीम ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

कार्यालय में मचा हड़कंप, लंबी पूछताछ

ACB की कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया। काफी देर तक कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने दोनों आरोपियों से हसील कार्यालय में ही प्रारंभिक पूछताछ की। रिश्वत की राशि जब्त कर ली गई है और संबंधित दस्तावेज व साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।

ACB अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी इसमें शामिल तो नहीं हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button