Sagar-Banda Poisonous Liquor Case : सागर जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी रवि लखेरा का शार्ट एनकाउंटर, अस्पताल में भर्ती

News Power Zone
3 Min Read
Sagar-Banda Poisonous Liquor Case

सागर, 11 सितंबर।  Sagar-Banda Poisonous Liquor Case : मध्य प्रदेश के सागर जिले के चर्चित बंडा जहरीली शराब कांड में पुलिस को मुख्य आरोपी और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी को आज सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने रवि लखेरा की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

जंगल में घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के अनुसार, रवि लखेरा लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। बीती रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि वह बरायठा क्षेत्र के जंगल में मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान रवि लखेरा ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से रवि घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस जांच में रवि लखेरा की भूमिका अवैध शराब के नेटवर्क में महत्वपूर्ण बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वह जहरीली शराब तैयार करने का फॉर्मूला उपलब्ध कराता था। उसके खिलाफ बहेरिया थाने में भी अवैध शराब से जुड़ा मामला दर्ज है। इस मामले में भी वह फरार चल रहा था। पुलिस का कहना है कि बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

पहले भी नकली शराब मामले में सामने आया था नाम

रवि लखेरा का नाम इससे पहले भी नकली शराब से जुड़े मामले में सामने आ चुका है। मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री की जांच के दौरान भी उसका नाम सामने आया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली शराब के साथ खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की थी। जांच के दौरान गिरोह के तार मध्य प्रदेश में अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े होने की बात सामने आई थी।

Share This Article