कोरबा, 09 सितंबर। DMFT Korba : जिले के मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर देने के लिए जिला प्रशासन कोरबा और जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) ने अनूठी पहल शुरू की है। DMFT के अंतर्गत ‘DISHA’ (DMFT Korba Initiative for Students’ Higher Education Achievement) योजना की शुरुआत की गई है।
इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को NEET और JEE की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। योजना में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री और डिजिटल लर्निंग जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
NEET और JEE की तैयारी के लिए मुफ्त आवासीय कोचिंग
‘DISHA’ योजना का उद्देश्य कोरबा जिले के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर देना है। इसके तहत कक्षा 11वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों और कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर NEET या JEE की तैयारी के लिए ड्रॉप लेने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा।
विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास और पौष्टिक भोजन के साथ अनुभवी एवं योग्य फैकल्टी से मार्गदर्शन मिलेगा। इसके अलावा अध्ययन सामग्री, नोट्स और नियमित टेस्ट सीरीज के माध्यम से उनकी तैयारी को मजबूत किया जाएगा।
Wi-Fi और डिजिटल लर्निंग के साथ काउंसलिंग की सुविधा
योजना के तहत विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें Wi-Fi, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, मॉक टेस्ट और नियमित मूल्यांकन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
विद्यार्थियों की तैयारी और प्रदर्शन के आधार पर व्यक्तिगत काउंसलिंग भी की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की कमजोरियों को पहचानकर उन्हें बेहतर तरीके से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।
75 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थी होंगे पात्र
DISHA योजना के तहत कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए 10वीं कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है। वहीं ड्रॉपर बैच के लिए 12वीं कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे। ड्रॉपर वे विद्यार्थी होंगे, जो 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद NEET या JEE की तैयारी के लिए एक वर्ष का ड्रॉप ले रहे हैं।
अभ्यर्थी का पात्र निवासी कोरबा जिले का होना जरूरी है। विद्यार्थियों का चयन पूर्ववर्ती कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।
10 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन, अक्टूबर से कक्षाएं संभावित
DISHA योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। कक्षाएं अक्टूबर 2026 से शुरू होने की संभावित तिथि बताई गई है।
इच्छुक और पात्र विद्यार्थी दिए गए QR कोड को स्कैन कर NEET या JEE कोचिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) या जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय, कोरबा से संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन की इस पहल से जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर और देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए जरूरी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलने की उम्मीद है। योजना का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों की वजह से गुणवत्तापूर्ण कोचिंग से वंचित विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का बेहतर मंच उपलब्ध कराना भी है।













