रायपुर, 09 सितंबर। IAS Promotion : छत्तीसगढ़ के राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली स्थित UPSC में हुई Departmental Promotion Committee (DPC) की बैठक में तीन अधिकारियों को IAS अवार्ड करने की मंजूरी मिल गई है। अब UPSC से संबंधित फाइल DoPT जाएगी और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद केंद्र सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
पांच पद खाली, लेकिन तीन पर ही हुई DPC
छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा कोटे से IAS बनने के लिए इस समय पांच पद खाली बताए जा रहे हैं। हालांकि, DPC सिर्फ तीन पदों के लिए हुई। दो पदों पर संबंधित अधिकारियों के मामलों के चलते लिफाफा बंद रखा गया है।
बताया जा रहा है कि सौम्या चौरसिया से जुड़े मामलों के कारण उनका IAS प्रमोशन लंबित है। UPSC में पिछले दो मौकों पर भी उनका लिफाफा बंद रहा था। इसी तरह PSC घोटाले में गिरफ्तार पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक का मामला भी लंबित है। ऐसे में इन दोनों पदों पर फिलहाल प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।
2013 बैच के तीन अफसरों का नंबर आया
पिछली DPC में 2013 बैच के तीन अधिकारियों को IAS अवार्ड किया गया था। इनमें सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिहा शामिल थे। 2013 बैच में कुल 29 अधिकारी बताए जा रहे हैं।
इन तीन अधिकारियों के IAS बनने के बाद अब इसी बैच में वरिष्ठता क्रम के अगले अधिकारियों का नंबर आया। मौजूदा क्रम के अनुसार अभिषेक अग्रवाल चौथे, सचिन भुतड़ा पांचवें और राजीव पाण्डेय छठे नंबर पर बताए गए हैं। DPC में इन्हीं तीन अधिकारियों को IAS अवार्ड करने की मंजूरी मिलने की जानकारी है।
अब DoPT जारी करेगा नोटिफिकेशन
DPC की मंजूरी के बाद अभी IAS बनने की प्रक्रिया पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। UPSC से फाइल DoPT को भेजी जाएगी। वहां आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद IAS नियुक्ति का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
DPC में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील और सामान्य प्रशासन विभाग के कार्यवाहक सचिव मुकेश बंसल भी दिल्ली गए थे।
छत्तीसगढ़ में अब 155 IAS होने का दावा
छत्तीसगढ़ के लिए IAS अधिकारियों का स्वीकृत कैडर 202 बताया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में 175 IAS अधिकारी पोस्टेड हैं, जिनमें करीब 23 अधिकारी विभिन्न प्रतिनियुक्तियों पर हैं। प्रतिनियुक्ति वाले अधिकारियों को अलग रखने पर राज्य में करीब 152 IAS अधिकारी कार्यरत बताए गए हैं। अब तीन राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को IAS अवार्ड होने के बाद यह संख्या बढ़कर 155 होने की बात कही जा रही है। हालांकि, अंतिम संख्या और नियुक्ति की स्थिति DoPT के आधिकारिक नोटिफिकेशन के बाद स्पष्ट होगी।












