Bangladeshis in Bilaspur : 23 संदिग्ध बांग्लादेशी हिरासत में, STF ने रायपुर डिटेंशन सेंटर भेजा, दस्तावेजों की होगी जांच

News Power Zone
4 Min Read
Bangladeshis in Bilaspur

बिलासपुर, 06 सितंबर।Bangladeshis in Bilaspur : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे 23 संदिग्ध लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है, जहां उनकी पहचान, दस्तावेज और मूल निवास का आगे सत्यापन किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, ये सभी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रह रहे थे और इनके दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद व आसपास के इलाकों के पते दर्ज थे।

मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची पुलिस की विशेष टीम

अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सिरगिट्टी क्षेत्र के 23 लोगों की जानकारी मिली। इनके दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के पते दर्ज थे। इन पतों की वास्तविकता जांचने के लिए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय पुलिस और संबंधित थाना प्रभारियों से संपर्क कर दस्तावेजों में दर्ज पतों तथा संबंधित व्यक्तियों की जानकारी साझा की गई। मौके पर सत्यापन के दौरान सूची में दर्ज कुछ पते सही नहीं पाए गए या वास्तविक जानकारी से मेल नहीं खाते मिले।

SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर STF ने शुरू की जांच

राज्य शासन के निर्देश के बाद बिलासपुर के SSP रजनेश सिंह ने संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए STF यानी स्पेशल टास्क फोर्स गठित की। टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे संदिग्ध लोगों के दस्तावेजों की जांच शुरू की।

जिन मामलों में दस्तावेजों और मूल निवास को लेकर संदेह सामने आया, वहां संबंधित जिलों की पुलिस के माध्यम से भी सत्यापन कराया गया। पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल जाकर दर्ज पतों और संबंधित व्यक्तियों के बारे में स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई।

23 संदिग्धों को रायपुर होल्डिंग-डिटेंशन सेंटर भेजा

प्रारंभिक जांच और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया के बाद सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे 23 संदिग्ध लोगों को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। यहां उनकी पहचान और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, अभी मामले में आगे की कार्रवाई सत्यापन के परिणाम के आधार पर की जाएगी। इसलिए इन लोगों की नागरिकता या मूल निवास को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

पुलिस ने जारी किया टोल फ्री नंबर

पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों अथवा बिना वैध दस्तावेजों के किसी व्यक्ति के निवास की जानकारी देने के लिए 1800-233-1905 टोल-फ्री नंबर जारी किया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी जानकारी की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है।

पुलिस का कहना है कि संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

SSP बोले- कई पते मौके पर सही नहीं मिले

बिलासपुर के DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि जिन संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के पते दर्ज थे, उनके सत्यापन के लिए विशेष टीम संबंधित स्थानों पर गई थी। मौके पर जांच के दौरान कई पते सही नहीं पाए गए। इसी सत्यापन प्रक्रिया के तहत 23 लोगों को रायपुर होल्डिंग-डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई सत्यापन के आधार पर की जाएगी।

Share This Article