korba-news-kabadi-prahlad-pistol-kartoos: सख्त पुलिसिंग के बीच कबाड़ से जुगाड़.. प्रहलाद के पास मिले जिंदा कारतूस, क्या कोरबा में चल रहा अवैध हथियारों का कारोबार?

News Power Zone
4 Min Read

कोरबा।korba-news-kabadi-prahlad-pistol-kartoos।जिले में सख्त पुलिसिंग के बीच कबाड़ कारोबार से हथियारों का कनेक्शन सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी प्रहलाद साहू के कब्जे से कबाड़ से भरी गाड़ी में छिपाकर रखे गए 5 जिंदा कारतूस और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल बरामद की है। हथियारों की बरामदगी ने अब यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कबाड़ की गाड़ी तक जिंदा कारतूस और पिस्टल कैसे पहुंची और क्या इसके पीछे कोई अवैध हथियार नेटवर्क सक्रिय है?

पुलिस को मिली थी हथियारों की पुख्ता सूचना

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि कबाड़ी प्रहलाद साहू की कबाड़ से भरी गाड़ी में जिंदा कारतूस और पिस्टल रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की तलाशी शुरू की।

तलाशी के दौरान पुलिस को 5 जिंदा राउंड और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल मिली। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया।

आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, कबाड़ को लेकर भी कार्रवाई

हथियार और कारतूस की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं कबाड़ से संबंधित मामले में भी बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई की गई है।

अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से आए और इन्हें कबाड़ की गाड़ी में किस उद्देश्य से रखा गया था।

कबाड़ से हथियारों तक कनेक्शन ने बढ़ाई चिंता

कबाड़ के कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति के पास जिंदा कारतूस और पिस्टल मिलने से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या ये हथियार किसी पुराने कबाड़ के साथ आए थे या फिर इन्हें जानबूझकर गाड़ी में रखा गया था? पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण कोरबा में बड़े पैमाने पर स्क्रैप और कबाड़ का कारोबार होता है। ऐसे में कबाड़ की गाड़ियों की जांच, उनके स्रोत और सामान की वैधता पर निगरानी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण हो गई है।

क्या कबाड़ कारोबार की आड़ में चल रहा कोई नेटवर्क?

पिस्टल और जिंदा कारतूस की बरामदगी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कबाड़ कारोबार की आड़ में अवैध हथियारों की आवाजाही हो रही है? हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में किसी बड़े हथियार नेटवर्क की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और कारतूस उसे कहां से मिले और क्या इस मामले में अन्य लोग भी जुड़े हैं।

कार्रवाई के बाद दूसरे कबाड़ियों में भी खलबली

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में कबाड़ का कारोबार करने वालों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस अब कबाड़ कारोबार से जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी और जांच बढ़ा सकती है।

फिलहाल प्रहलाद साहू के पास से पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस की बरामदगी ने कबाड़ कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच से ही साफ होगा कि यह मामला महज पुराने कबाड़ में मिले हथियारों का है या इसके पीछे कोई बड़ा कनेक्शन छिपा है।

Share This Article