korba-taekwondo:  70 खिलाड़ियों ने दी कलर बेल्ट परीक्षा.. महापौर संजू राजपूत ने किया सम्मानित…

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा।korba-taekwondo  जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन कोरबा के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के श्रम कल्याण केंद्र, जूनियर क्लब में एक दिवसीय कलर बेल्ट परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों से करीब 70 खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

 

 

कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने परीक्षा में सफल खिलाड़ियों को विभिन्न स्तर के कलर बेल्ट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

 

ताइक्वांडो से बढ़ता है अनुशासन और आत्मविश्वास

 

महापौर संजू देवी राजपूत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ताइक्वांडो केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों से जोड़ना आज बेहद जरूरी है।

 

उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए शुभकामनाएं दीं। महापौर ने कहा कि कोरबा के खिलाड़ियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है।

 

खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

 

कलर बेल्ट परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न किक, पंच, ब्लॉक, फॉर्म और ताइक्वांडो की निर्धारित तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। सफल खिलाड़ियों को बेल्ट और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

 

छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी ने कहा कि जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। कलर बेल्ट परीक्षा खिलाड़ियों की अगली स्तर की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

ये रहे उपस्थित

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी, जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल अग्रवाल, सचिव लोकेश राठौर, प्रशिक्षक लीला यादव, अंकित सिंह, सूरज श्रीवास, अदिति सहित संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अभिभावक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा खिलाड़ियों को जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share This Article