
जशपुर। 16 अगस्त 2026। Jashpur Bagicha youths made to do murga viral video छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने एक मकान में युवक-युवतियों के मिलने की सूचना पर मोहल्लेवासी भड़क गए। नाराज लोगों ने कथित तौर पर दोनों युवकों को रातभर कमरे में बंद रखा।
सुबह मामले की जानकारी पार्षद को दी गई। इसके बाद पार्षद मोहल्ले में पहुंचे और लोगों की मौजूदगी में दोनों युवकों को कमरे से बाहर निकाला गया। मौके पर काफी संख्या में मोहल्लेवासी जुट गए और दोनों युवकों से पूछताछ की गई।
इसके बाद मोहल्लेवासियों की रायशुमारी के बाद पार्षद ने दोनों युवकों को कथित तौर पर अनोखी सजा दी। दोनों को सबके सामने मुर्गा बनाया गया। इस दौरान उनसे यह कहलवाया गया कि वे दोबारा मोहल्ले में नहीं आएंगे।
बताया जा रहा है कि युवकों से यह भी कहलवाया गया कि यदि वे दोबारा मोहल्ले में पकड़े जाते हैं तो जूता खाने की सजा उन्हें मंजूर होगी।
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
पूरी घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। अब युवकों को मुर्गा बनाए जाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, घटना में शामिल युवक-युवतियों की पहचान और पूरे मामले की वास्तविक परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, किसी व्यक्ति को कमरे में बंद कर सजा देने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।















