Drunk Driving : कोरबा में शराबी युवक का सड़क पर तांडव…! एक्टिवा से मारी कई वाहनों को टक्कर…रेलवे फाटक पर पुलिस ने दबोचा
शराबी युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा
कोरबा, 05 अगस्त। Drunk Driving : कोरबा शहर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने एक्टिवा से सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। युवक कुआं भठा स्थित शराब दुकान से निकलकर मानिकपुर चौकी क्षेत्र से सोनालिया फाटक तक लड़खड़ाते हुए वाहन चलाता रहा। इस दौरान उसने कई वाहन चालकों को टक्कर मारी और राहगीरों में दहशत का माहौल बना दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पूरी तरह नशे में था और अनियंत्रित तरीके से एक्टिवा चला रहा था। कई बार वह गिरते-गिरते बचा, जबकि लोग खुद को बचाने के लिए सड़क किनारे हटते नजर आए। सोनालिया चौक के पास उसकी एक्टिवा एक कार से टकरा गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी एक्टिवा लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर बंद रेलवे फाटक के कारण उसका रास्ता रुक गया और पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक टीपी नगर चौक से सोनालिया चौक की ओर शराब के नशे में उत्पात मचाते हुए जा रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निशु शर्मा, निवासी उरगा बताया। पुलिस के अनुसार, वह रास्ते में कई लोगों से अभद्रता भी करता हुआ आया था। आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 (शराब पीकर वाहन चलाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी एक्टिवा जब्त कर ली गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






