रायपुर

Raipur Birthday Party : रायपुर में देर रात बर्थडे पार्टी पड़ी भारी…! तेज DJ और पुलिस से कथित बदसलूकी के आरोप में 7 गिरफ्तार


रायपुर, 02 अगस्त। Raipur Birthday Party : राजधानी रायपुर के गांधीनगर कालीबाड़ी इलाके में देर रात छत पर तेज आवाज में गाने बजाकर बर्थडे पार्टी करना सात युवक-युवतियों को महंगा पड़ गया। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम के साथ कथित धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में 4 युवक और 3 युवतियों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

कोतवाली थाना पुलिस के मुताबिक, घटना प्रताप तांडी के मकान की छत पर आयोजित बर्थडे पार्टी की है। आसपास रहने वाले लोगों ने देर रात तेज आवाज में गाने बजने और शोर-शराबे की शिकायत पुलिस से की थी।

पहली बार पुलिस मौके पर पहुंची और मौजूद लोगों को समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद करा दिया।

दूसरी शिकायत के बाद बढ़ा विवाद

कुछ समय बाद फिर से तेज आवाज में गाने बजने की शिकायत मिलने पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट लगने की भी बात कही गई है।

गैर-जमानती धाराओं में केस

कोतवाली पुलिस ने 4 युवक और 3 युवतियों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

रायपुर पुलिस की चेतावनी

रायपुर पुलिस ने कहा है कि देर रात सार्वजनिक शांति भंग करना, तेज साउंड सिस्टम बजाना, पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करना या शासकीय कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button