Korba Road Acciden : कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा…! तेज रफ्तार कार ने परिवार को रौंदा…पिता और 4 साल के बेटे की मौके पर मौत
पिकनिक से लौट रही थी कार
कोरबा, 02 अगस्त। Korba Road Acciden : कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र में डूमरडीह पुल के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसके चार वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब परिवार खरीदारी कर एक्टिवा से अपने गांव लौट रहा था। तेज रफ्तार कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान महुआ गांव निवासी आनंद राम राठिया (36) और उनके चार वर्षीय पुत्र दुर्गेश के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल सुमित्राबाई राठिया (33) का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है।
पिकनिक से लौट रही थी कार, दो युवक पकड़े गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीजी-12-AK-5190 नंबर की कार में पांच युवक सवार थे, जो पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए। कार सवारों के नशे में होने की चर्चा है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक आनंद राम मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है।
घर में 14 वर्षीय दिव्यांग बेटी भाग्यश्री, 9 वर्षीय पुत्र अमन कुमार और 7 वर्षीय पुत्र नितिन अब पिता के साये से वंचित हो गए हैं। वहीं मां अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है, जिससे पूरे परिवार का भविष्य चिंता में पड़ गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।






