Korba Breaking: खेत बना मौत का मैदान! हाथी ने ली एक और जान, करतला में फिर भड़का ‘हाथी-मानव द्वंद’

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। Korba Breaking जंगल से निकलकर आबादी और खेतों तक पहुंच रहे हाथी अब लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। शनिवार को करतला वन परिक्षेत्र के बड़मार गांव में एक और ग्रामीण जंगली हाथी का शिकार बन गया। खेत में काम करने गए जगेशर सिंह राठिया पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया और उन्हें कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सुबह खेत में काम के दौरान जगेशर सिंह का सामना हाथी से हो गया। संभलने का मौका भी नहीं मिला और हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम और दहशत का माहौल फैल गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विभाग ने मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हाथी-मानव द्वंद बना बड़ा संकट

कोरबा के वनांचल में हाथियों की बढ़ती आवाजाही अब लगातार जानलेवा साबित हो रही है। कभी खेत, कभी गांव और कभी सड़क… इंसान और हाथी आमने-सामने आ रहे हैं, जिसका सबसे बड़ा खामियाजा ग्रामीणों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि केवल अलर्ट जारी करने के बजाय हाथियों की निगरानी, त्वरित रेस्क्यू और प्रभावित गांवों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हर कुछ दिनों में किसी परिवार का चिराग न बुझ जाए.

Share This Article