Atal Pratima Vivad : अटल प्रतिमा विवाद में बड़ा एक्शन…! उप अभियंता निलंबित….छोटे कर्मचारी पर गाज…बड़े जिम्मेदार अब भी सुरक्षित

News Power Zone
3 Min Read
Atal Pratima Vivad

कोरबा, 31 जुलाई। Atal Pratima Vivad : कटघोरा नगर पालिका के अटल परिसर में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा मामले में राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप अभियंता चंद्रप्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या सिर्फ एक अधिकारी पर कार्रवाई कर पूरे मामले की जिम्मेदारी तय कर दी गई, जबकि अन्य जिम्मेदारों पर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया?

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि प्रतिमा का निर्माण प्राक्कलन के प्रावधानों और कास्य (ब्रॉन्ज) प्रतिमा के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हुआ। प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने और लगातार क्षतिग्रस्त होने के कारण निर्माण प्रक्रिया में अनियमितता सामने आई, जिसके लिए तत्कालीन उप अभियंता चंद्रप्रकाश जायसवाल को जिम्मेदार माना गया।

शासन ने किया निलंबित

छत्तीसगढ़ नगर पालिका कर्मचारी (भर्ती एवं सेवा शर्तें) नियम, 1968 के नियम 53 के तहत चंद्रप्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

हालांकि निलंबन के बाद कटघोरा और नगर पालिका के गलियारों में चर्चा है कि प्रतिमा निर्माण से जुड़े मूल ठेकेदार, पेटी ठेकेदार और निर्माण प्रक्रिया की निगरानी करने वाले अन्य अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या उप अभियंता को ही पूरे मामले का जिम्मेदार बनाकर बाकी जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है।

आगे और कार्रवाई संभव

सूत्रों के मुताबिक जांच अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और आने वाले दिनों में प्रतिमा निर्माण से जुड़े अन्य अधिकारियों और संबंधित पक्षों पर भी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि इस संबंध में शासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Share This Article