Municipal Corporation : रायपुर नगर निगम में बवाल….! बीजेपी पार्षद के बेटे पर ड्राइवर से मारपीट का आरोप…FIR दर्ज होते ही मचा सियासी घमासान

News Power Zone
2 Min Read
Municipal Corporation

रायपुर, 31 जुलाई। Municipal Corporation : राजधानी रायपुर के नगर निगम में कथित मारपीट का मामला अब सियासी रंग लेने लगा है। नगर निगम के जोन क्रमांक-4 में पदस्थ जोन आयुक्त के वाहन चालक की शिकायत पर बीजेपी पार्षद एवं जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा के बेटे अनिल शर्मा के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। घटना से जुड़ा पीड़ित का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 30 जुलाई को जोन आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी के वाहन चालक योगेंद्र साहू को नगर निगम कार्यालय बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही अनिल शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक इस घटना में उसके सिर और कलाई में चोटें आई हैं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान जोन आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी के साथ भी अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि आरोपी पहले भी निगम कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट कर चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अनिल शर्मा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच अधिकारों और कार्यशैली को लेकर विवाद लगातार सामने आते रहे हैं। वहीं, आरोपी पक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article