बिलासपुर, 29 जुलाई। SECL Bilaspur Safety Meeting : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय, बिलासपुर स्थित वसंत क्लब में बुधवार को 62वीं कंपनी स्तरीय द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोयला खदानों और कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, जोखिमों को कम करने तथा ‘Zero Accident’ लक्ष्य हासिल करने के लिए व्यापक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने की, जबकि निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में SECL के सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य और विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) प्रकाश राय के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति केवल नियमों से नहीं, बल्कि हर कर्मचारी की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी से विकसित होती है।
रमेश चंद्र महापात्र ने अपने संबोधन में आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी को सुरक्षित एवं उत्पादक कार्य वातावरण की कुंजी बताया। बैठक में कंपनी की सुरक्षा स्थिति, विभिन्न क्षेत्रों के सुरक्षा प्रदर्शन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई।
बैठक में BMS, HMS, AITUC, SCKMC, CITU और CMOAI सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा से जुड़े सुझाव दिए। सभी ने बेहतर समन्वय, नियमित प्रशिक्षण और सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) पद पर मनोनीत होने पर बधाई दी। वहीं, SCKMC के प्रतिनिधि कमलेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों ने “सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि” के संकल्प को दोहराते हुए दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।


