BreakingFeaturedकोरबासामाजिक

Korba News: ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी रफ्तार, DMF के सहयोग से बनेंगे 22 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र


कोरबा।DMF Korba Health Centre  जिले के ग्रामीण और खनिज प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार देने की दिशा में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। डीएमएफटी के सहयोग से जिले के विभिन्न गांवों में 22 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

प्रत्येक उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण पर लगभग 39.95 लाख रुपये की लागत आएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय जरूरतों और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का आकलन करने के बाद इन केंद्रों के लिए स्थानों का चयन किया है। भवन निर्माण का कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) को सौंपा गया है, जो निर्धारित गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करेगी।

 

सभी उप-स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यहां चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। प्रत्येक केंद्र में दो स्वास्थ्यकर्मियों के आवास भी बनाए जाएंगे, जिससे चिकित्सकीय सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और आपातकालीन स्थिति में भी मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।

 

इन नए केंद्रों के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, वरिष्ठ नागरिकों और दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की जांच, प्राथमिक उपचार और नियमित स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं गांवों के करीब ही उपलब्ध हो सकेंगी।

 

डीएमएफटी कोरबा स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, अधोसंरचना और आजीविका जैसे क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कर रहा है। 22 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और हर व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button