Korba Politics: कुछ किए बिना ही जय-जयकार नहीं होती… कोशिश करने वालों की हार नहीं होती…प्रेस क्लब के मंच पर पूर्व मंत्री और डिप्टी सीएम का दिखा अलग अंदाज, पंक्तियों में किसके लिए क्या संदेश लगने लगी अटकलें

News Power Zone
4 Min Read

कोरबा। Korba Press Club Politics “कुछ किए बिना ही जय-जयकार नहीं होती… कोशिश करने वालों की हार नहीं होती…” कोरबा प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में गुरुवार को पत्रकारों के सम्मान का मंच अचानक राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मौजूद थे। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री एवं स्थानीय विधायक लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि भी मंच पर उपस्थित थे। तभी जिले के विकास की बात को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रदेश सरकार के ढाई साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि “सरकार अपनी ढाई साल की सिर्फ ढाई उपलब्धियां ही बता दे।” उनके इस बयान के बाद समारोह का माहौल पूरी तरह राजनीतिक हो गया।

सार्वजनिक मंच से चर्चा होनी चाहिए विकास की चर्चा

अपने संबोधन में जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री लंबे समय बाद कोरबा आए हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय वे कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा, दीपका, कटघोरा और बालको जैसे क्षेत्रों का दौरा करें, ताकि विकास की वास्तविक स्थिति देख सकें। उन्होंने महापौर संजू देवी राजपूत के 16 महीने के कार्यकाल को कम समय बताते हुए उनके कामकाज पर टिप्पणी को उचित नहीं माना, लेकिन राज्य सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकार अपनी उपलब्धियां सार्वजनिक रूप से बताए।

पूर्व मंत्री ने मंच से ही उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री लखनलाल देवांगन की मौजूदगी में सरकार के विकास कार्यों पर खुली बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि यदि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं तो उन पर सार्वजनिक मंच से चर्चा होनी चाहिए। साथ ही कांग्रेस शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार में यदि अधिकारियों ने गड़बड़ी की, तो उसका भी खुलकर विरोध किया गया।

जयसिंह अग्रवाल के इस हमलावर भाषण के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सीधे राजनीतिक जवाब देने के बजाय हरिवंश राय बच्चन की प्रसिद्ध कविता की पंक्तियों से जवाब दिया…

“असफलता एक चुनौती है, स्वीकार करो…क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो…जब तक न सफल हो, नींद-चैन को त्यागो तुम…संघर्ष का मैदान छोड़ मत भागो तुम…कुछ किए बिना ही जय-जयकार नहीं होती…कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।”

अब अरुण साव के जवाब में किसके लिए क्या संदेश छुपा है इसे लेकर जिले राजनीतिक गलियारों में कई कयास शुरु हो गए हैं। कुछ मिलाकर प्रेस क्लब का शपथ ग्रहण समारोह इस तरह पत्रकारिता के आयोजन से आगे बढ़कर सत्ता और विपक्ष के बीच सियासी संदेशों का मंच बन गया। जिले के खोजी पत्रकार अब ये पता करने में लगे हैं डिप्टी सीएम का संदेश पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के लिए था वर्तमान मंत्री लखनलाल देवांगन के लिए..।

Share This Article