
कोरबा/गेवरा-दीपका। Korba Breaking एसईसीएल के श्रमिक संगठन की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हिन्द मजदूर सभा (एचएमएस) से जुड़े कई श्रमिक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर सभा के महामंत्री नाथूलाल पाण्डे से दूरी बनाते हुए कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) का दामन थाम लिया। गेवरा स्थित एचएमएस कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया।

सम्मेलन में हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन के अध्यक्ष रेशम लाल यादव की अध्यक्षता तथा कोयला मजदूर पंचायत के केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह की मौजूदगी में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे एचएमएस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर पंचायत की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में रेशम लाल यादव को कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) का केंद्रीय अध्यक्ष बनाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने कहा कि एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में जल्द सम्मेलन आयोजित कर नई क्षेत्रीय समितियों का गठन किया जाएगा। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी एरिया का दौरा कर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर सभा के महामंत्री नाथूलाल पाण्डे पर मनमानी, वित्तीय अनियमितता और संगठन में भेदभाव के आरोप लगाए। वक्ताओं का कहना था कि अब ऐसे नेतृत्व के साथ काम करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी सदस्यता सत्यापन और गुप्त मतदान में श्रमिक लोकतांत्रिक तरीके से अपना जवाब देंगे।
बैठक के अंत में गेवरा-दीपका एवं सीईडब्ल्यूएस के कार्यकर्ताओं ने कोयला मजदूर पंचायत के झंडे तले संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया और रेशम लाल यादव के नेतृत्व में पूरे एसईसीएल क्षेत्र में संगठन विस्तार का भरोसा जताया।
यह घटनाक्रम एसईसीएल की श्रमिक राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले सदस्यता सत्यापन और यूनियन चुनाव से पहले इसे संगठनात्मक समीकरण बदलने वाली बड़ी राजनीतिक हलचल के रूप में देखा जा रहा है।






