Parliament Monsoon Session : संसद में NEET विवाद की गूंज…! काले कपड़ों में विपक्ष…शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग…दोनों सदन ठप

News Power Zone
2 Min Read
Parliament Monsoon Session

नई दिल्ली, 22 जुलाई। Parliament Monsoon Session : संसद के मानसून सत्र के दौरान NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक और प्रतियोगी छात्रों के मुद्दे पर विपक्ष ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बाधित

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद वेल में पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। लगातार शोर-शराबे के चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। इसी मुद्दे पर राज्यसभा में भी हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही और उसे भी स्थगित करना पड़ा।

प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि असली मुद्दा संसद में क्या हुआ, यह नहीं बल्कि छात्रों के साथ क्या हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है और छात्रों की आवाज़ को दबाया जा रहा है।

प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि युवा अपने भविष्य और अधिकारों की बात कर रहे हैं तथा उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

संसद में बढ़ा सियासी तापमान

NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा, जबकि सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही।

Share This Article