
रायपुर/कोरबा। Chhattisgarh Heavy Rain Alert छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 11 जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान पर आने और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, रायपुर और सक्ती जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बहुत भारी बारिश हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें। बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
यदि बारिश का दौर लगातार जारी रहा तो कई इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित होने, खेतों में पानी भरने और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। खासकर कोरबा, जांजगीर-चांपा और रायपुर संभाग के लोगों को अगले 24 घंटे विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।






