Korba Dadar Nala Scorpio: उफनते दादर नाले में Scorpio उतारना दो युवकों को पड़ा भारी। पुलिस ने FIR दर्ज कर वाहन जब्त किया, नशे में ड्राइविंग का भी आरोप।
कोरबा। Korba Dadar Nala Scorpio: भारी बारिश में जब दादर नाला पूरे उफान पर था और तेज बहाव देखकर लोग किनारे खड़े होकर खतरा भांप रहे थे, उसी वक्त स्कॉर्पियो लेकर नाले में उतरने का ‘साहस’ दिखाना दो युवाओं को भारी पड़ गया। देखते ही देखते स्कॉर्पियो तेज बहाव में फंस गई और आधे से ज्यादा पानी में डूब गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, वरना मामला बड़ा हादसा बन सकता था।
घटना में युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों स्कॉर्पियो से उफनते दादर नाले को पार करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने और खतरा समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वाहन नाले में उतार दिया गया।
लोग बोले ‘मत उतारो’, साहब बोले… उतर गए!
दादर नाले का पानी तेज रफ्तार से बह रहा था। स्थानीय लोगों ने दोनों को नाला पार नहीं करने की सलाह दी। इसके बावजूद स्कॉर्पियो आगे बढ़ती गई।
नाले के बीच पहुंचते ही पानी का बहाव भारी पड़ गया और स्कॉर्पियो डगमगाने लगी। देखते ही देखते वाहन पानी में फंस गया और आधे से ज्यादा हिस्सा डूब गया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यानी नाले को पार करने निकले थे, लेकिन खुद ही नाले के बीच ‘फंस’ गए।
पुलिस पहुंची तो खुला ‘नशे’ का एंगल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों का अल्कोहल मीटर से परीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, परीक्षण में दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 283 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में MV Act की धारा 185 के तहत भी कार्रवाई की गई और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया।
एक गलती और बन सकता था ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’ से बड़ा हादसा
बारिश में उफनते नाले को वाहन से पार करने की कोशिश कितनी खतरनाक हो सकती है, इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया। कुछ मिनटों की जल्दबाजी और जोखिम भरा फैसला जानलेवा साबित हो सकता था।
गनीमत रही कि स्कॉर्पियो पूरी तरह बहने से पहले दोनों युवकों को बाहर निकाल लिया गया। वरना तेज बहाव में वाहन और उसमें सवार लोगों को बचाना बेहद मुश्किल हो सकता था।
पुलिस की दो टूक अपील: पानी को हल्के में न लें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नाले, नदी और जलभराव वाले रास्तों को पार करने की कोशिश न करें। खासकर तेज बहाव के दौरान वाहन को पानी में उतारना जान जोखिम में डालने जैसा है।
फिलहाल दादर नाले की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। बारिश का पानी उतर जाएगा, लेकिन इस ‘स्कॉर्पियो स्टंट’ ने लापरवाही और नशे में ड्राइविंग को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।












