
रायपुर।Shefali Bagga ED interrogation राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चर्चित स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पूछताछ शुरू कर दी है। ईडी की टीम उन्हें रायपुर लाकर अपने कार्यालय में लगातार सवाल-जवाब कर रही है।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, महादेव बेटिंग ऐप के कथित प्रमोशन और उससे जुड़े लोगों के साथ संभावित संबंधों को लेकर शेफाली बग्गा से पूछताछ की जा रही है। ईडी हवाला कारोबारियों से कथित संपर्क और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इससे पहले शेफाली बग्गा का नाम क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के साथ भी चर्चा में आया था, हालांकि दोनों ने उन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की वित्तीय जांच के दायरे में की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में ईडी ने महादेव ऑनलाइन बुक और Skyexchange.com से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 91.82 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं। जांच एजेंसी ने दुबई स्थित दो कंपनियों Perfect Plan Investment LLC और Exim General Trading के खातों में जमा 74.28 करोड़ रुपये से अधिक की राशि फ्रीज की है। ईडी का आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल कथित तौर पर सौरभ चंद्राकर, अनिल अग्रवाल और विकास छपरिया के माध्यम से अवैध धन को वैध बनाने के लिए किया जा रहा था।
ईडी की पूछताछ से इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने तक किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगे आरोप न्यायिक रूप से सिद्ध नहीं माने जाते।






