World Snake Day 2026 : विश्व सर्प दिवस…! ‘सर्प बचेंगे तभी प्रकृति का संतुलन बचेगा’…कोरबा में हजारों सर्पों को सुरक्षित बचाने वाली टीम ने बताया क्यों जरूरी है संरक्षण
वन विभाग की अपील
कोरबा, 16 जुलाई। World Snake Day 2026 : विश्व सर्प दिवस के अवसर पर कोरबा वन मंडल, कटघोरा वन मंडल और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी (वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम) ने लोगों से सर्पों के प्रति डर नहीं, बल्कि संरक्षण का भाव अपनाने की अपील की। विशेषज्ञों ने कहा कि सर्प पर्यावरण और जैव विविधता की अहम कड़ी हैं और इनके संरक्षण से ही प्राकृतिक संतुलन बनाए रखा जा सकता है।
संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी ने कहा कि वर्षों से वन विभाग के सहयोग से हजारों सर्पों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बताया जा रहा है कि अधिकांश सर्प विषहीन होते हैं और बिना कारण हमला नहीं करते।
किंग कोबरा संरक्षण पर विशेष फोकस
कोरबा जिला जैव विविधता की दृष्टि से बेहद समृद्ध माना जाता है। मध्य भारत में किंग कोबरा की मौजूदगी इस क्षेत्र की स्वस्थ वन पारिस्थितिकी का संकेत है। वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी संयुक्त रूप से इसके संरक्षण, आवास सुरक्षा, निगरानी और जन-जागरूकता पर लगातार काम कर रहे हैं।
वन विभाग की अपील
वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव ने कहा कि बिना कारण किसी भी सर्प को मारना पर्यावरण के लिए नुकसानदायक होने के साथ-साथ कई मामलों में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय भी हो सकता है।
कटघोरा के वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने वर्षा ऋतु में सर्प दिखने पर घबराने के बजाय वन विभाग की हेल्पलाइन 18002331416 और 8817534455 पर सूचना देने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए।
मानव और सर्प के सह-अस्तित्व का संदेश
उप वनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी ने बताया कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमों के माध्यम से सर्पों को सुरक्षित पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा रहा है। वहीं जितेंद्र सारथी ने कहा कि सुरक्षित रेस्क्यू ही मानव जीवन और वन्यजीव संरक्षण दोनों के लिए सबसे बेहतर समाधान है।





