कोरबा। Korba Road Accident जिले के सीमावर्ती पसान क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। कहरा नाला के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब कटघोरा की ओर से आ रही बाइक कहरा नाला के पास पहुंची। इसी दौरान पसान की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क खून से लाल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों की मदद कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हाइवा चालक हादसे के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
घटना से पूरे पसान क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रहे भारी वाहनों के हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






