Power Cut Action : VIP कार्यक्रम में बिजली और माइक हुए बंद…! कलेक्टर भड़कीं…4 इंजीनियरों को अल्टीमेटम

News Power Zone
2 Min Read
Power Cut Action

ग्वालियर, 09 जुलाई। Power Cut Action : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित ‘उन्नत कृषि संभागीय कार्यशाला’ के दौरान हुई बड़ी तकनीकी लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कार्यक्रम के बीच अचानक बिजली गुल होने और साउंड सिस्टम ठप पड़ने के मामले में ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के चार इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

मंत्री मंच पर थे, तभी चली गई बिजली

6 जुलाई को कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। कार्यक्रम अपने चरम पर था कि अचानक सभागार की बिजली चली गई। स्थिति तब और खराब हो गई जब जनरेटर बैकअप भी फेल हो गया और मंच का माइक सिस्टम पूरी तरह बंद हो गया। इस घटना से कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित रहा और प्रशासन को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

प्रारंभिक जांच में लापरवाही उजागर

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार्यक्रम से पहले बिजली, लाइटिंग और साउंड सिस्टम की जांच एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित इंजीनियरों की थी। प्रशासन का मानना है कि इस कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई।

इन अधिकारियों को जारी हुआ नोटिस

कलेक्टर के निर्देशों के बाद, PWD के चार अधिकारियों, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मौसम जैन, असिस्टेंट इंजीनियर प्रदीप कुमार कटारा, सब-इंजीनियर सारस चंदेरिया और असिस्टेंट इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर निशांत श्रीवास्तव को नोटिस जारी किए गए हैं।

24 घंटे में जवाब देने के निर्देश

कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article