Kidnapping And Murder : मासूम की निर्मम हत्या…पुलिस के साथ खोजबीन करता रहा कातिल…डॉग स्क्वायड ने खोला राज…यहां देखें Video

News Power Zone
3 Min Read
Kidnapping and Murder
इंदौर, 31 जनवरी। Kidnapping And Murder : मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक खौफनाक अपराध सामने आया है। एमआईजी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोर आतिफ अली का अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को अपने ही घर के बेड बॉक्स में छिपा दिया और पुलिस के सामने खुद को बेगुनाह दिखाने की कोशिश करते रहे। हालांकि, पुलिस की सतर्कता और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रेहान और उसके एक अन्य नाबालिग साथी ने आतिफ का अपहरण किया था। दोनों आरोपी उसे एक बिल्डिंग की छत पर ले गए, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आतिफ के शव को रेहान के घर के बेड बॉक्स में बंद कर दिया गया।

पुलिस के साथ खोजबीन का नाटक करता रहा आरोपी

जब आतिफ देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने एमआईजी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चौंकाने वाली बात यह रही कि मुख्य आरोपी रेहान भी पुलिस और परिजनों के साथ मिलकर आतिफ को ढूंढने का नाटक करता रहा, ताकि उस पर किसी को शक न हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को जांच में शामिल किया। तलाशी के दौरान जब खोजी कुत्ता रेहान के पास पहुंचा, तो उसने उस पर भौंकना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने रेहान को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें वह टूट गया और पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

ड्रग्स तस्करी देखने की आशंका

मृतक आतिफ के पिता रफीक और परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी इलाके में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए थे। परिजनों को आशंका है कि आतिफ ने आरोपियों को ड्रग्स बेचते हुए देख लिया था और इसी डर से उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि घटनास्थल से खून से सनी जैकेट सहित अन्य अहम साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हत्याकांड के पीछे कोई और रंजिश या आपराधिक नेटवर्क तो शामिल नहीं है।
Share This Article