Retired ARTO Raid : 13 किलो सोना+9 किलो चांदी+1.62 करोड़ कैश= 35 करोड़ संपत्ति का खुलासा…जांच अधिकारी हैरान

News Power Zone
3 Min Read
Retired ARTO Raid
लखनऊ, 08 जुलाई। Retired ARTO Raid : उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई की है। दो दिन तक चली छापेमारी में ऐसा खुलासा हुआ जिसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। विजिलेंस टीम ने लखनऊ स्थित आवास से करीब 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, लगभग 1.62 करोड़ रुपये नकद, लग्जरी कारें और करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये आंका गया है।

घर के कोने-कोने से मिली नकदी और जेवर

विजिलेंस के अनुसार, कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद 7 और 8 जुलाई 2026 को लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर के विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखी गई नकदी, सोने-चांदी के बिस्कुट, महंगे आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद हुए। केवल सोना, चांदी और नकदी की अनुमानित कीमत ही करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में करोड़ों की संपत्ति

जांच के दौरान लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली समेत कई स्थानों पर स्थित मकानों, प्लॉटों, फ्लैटों और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 13 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा टोयोटा इनोवा, हुंडई आई-20, बैंक खातों, पोस्ट ऑफिस निवेश, म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

भ्रष्टाचार के मामले में पहले से दर्ज है मुकदमा

ललित कुमार के खिलाफ पहले से ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। इस मामले की विवेचना उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर द्वारा की जा रही है।

DGP ने विजिलेंस टीम को दिया इनाम

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने इस बड़ी कार्रवाई की सराहना करते हुए विजिलेंस टीम के लिए एक लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

जांच अभी जारी

विजिलेंस अब यह पता लगा ( Retired ARTO Raid) रही है कि बरामद सोना, नकदी, निवेश और संपत्तियां वैध आय से अर्जित की गई हैं या भ्रष्टाचार की कमाई से यह साम्राज्य खड़ा किया गया।
Share This Article