Custom Milling Scam : 3 साल बाद EOW के शिकंजे में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल…! शराब-कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटाले के मुख्य आरोपी हिरासत में

News Power Zone
2 Min Read
Custom Milling Scam

रायपुर, 08 जुलाई। Custom Milling Scam : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और कथित कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में ले लिया है। रामगोपाल अग्रवाल पिछले करीब तीन वर्षों से फरार बताए जा रहे थे और उनकी तलाश EOW तथा ED दोनों एजेंसियां कर रही थीं।

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को EOW ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से कई घंटों तक पूछताछ की थी। इसके बाद रामगोपाल अग्रवाल स्वयं EOW कार्यालय पहुंचे, जहां पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

127 करोड़ के कथित कस्टम मिलिंग घोटाले में जांच तेज

EOW के अनुसार, वर्ष 2015 से 2023 के बीच धान की कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान में नियमों का कथित उल्लंघन किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि इस प्रक्रिया के जरिए चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे करीब 127 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की आशंका है। इस मामले में तत्कालीन अधिकारियों, राइस मिलर्स और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

कई चर्चित मामलों में नाम

रामगोपाल अग्रवाल का नाम पहले से ही छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला मामलों में सामने आ चुका है। जांच एजेंसियां लंबे समय से उनसे पूछताछ की कोशिश कर रही थीं।

जांच जारी

EOW का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी संबंधित दस्तावेजों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है। एजेंसी के दावों और आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी होना शेष है।

Share This Article