Honeymoon Reel हनीमून पर बनाई रील, डायलॉग मारा- “शाका पकड़ा नहीं जा सकता”… इंस्टाग्राम पोस्ट से ट्रेस हुई लोकेशन, हरिद्वार से गिरफ्तार

News Power Zone
2 Min Read

मेरठ।Honeymoon Reel Arrest  सोशल मीडिया पर फिल्मी अंदाज में पुलिस को चुनौती देना एक महिला लूट आरोपी को भारी पड़ गया। शादी के बाद पति के साथ हनीमून मना रही आरोपी ज्योति चौधरी लगातार इंस्टाग्राम पर रील और फोटो पोस्ट कर रही थी। एक वायरल वीडियो में उसने फिल्मी डायलॉग बोलते हुए कहा था, “शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता।” लेकिन यही रील उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। पुलिस ने सोशल मीडिया एक्टिविटी और तकनीकी सर्विलांस के जरिए लोकेशन ट्रैक की और हरिद्वार से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, ज्योति मेरठ के सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से हुई लूट की वारदात में वांछित थी। वारदात के बाद वह फरार चल रही थी। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर लगातार रील और पोस्ट शेयर किए, जिन्हें पुलिस ने अहम सुराग बना लिया।

जांच में सामने आया कि 23 जून को ज्योति ने मोहित नाम के युवक से शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद दोनों हरिद्वार घूमने निकल गए। फरारी के बावजूद सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की वजह से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर दबिश दी और गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का दावा है कि ज्योति पहले रागनी कार्यक्रमों में डांसर के रूप में काम करती थी। बाद में महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए वह अपने वर्तमान पति के साथ लूट और चोरी की वारदातों में शामिल हो गई।

मामला 12 जून की रात का है, जब पेटीएम कंपनी के टीम लीडर आकाश शर्मा से सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर मारपीट कर बाइक और मोबाइल लूट लिया गया था। पुलिस इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब ज्योति की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की जांच तेज कर दी गई है।

रील से मिली लोकेशन, पुलिस ने दबोचा आरोपी… सोशल मीडिया पर पुलिस को चैलेंज करने वाली दुल्हन आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंच गई।

Share This Article