MLA Bhawna Bohra : किसानों की शिकायत पर विधायक का बड़ा एक्शन…! बिजली सब स्टेशन पहुंचीं…JE को लगाई फटकार…हटाने के दिए निर्देश
सरप्राइज इंस्पेक्शन में खुली बिजली विभाग की पोल
कवर्धा, 07 जुलाई। MLA Bhawna Bohra : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच विधायक भावना बोहरा ने ठाठापुर-रामपुर विद्युत सब स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने जूनियर इंजीनियर (JE) पर काम के बदले पैसे मांगने, खराब व्यवहार और बिजली समस्याओं के समाधान में लापरवाही के आरोप लगाए।
शिकायत सुनते ही JE की लगाई क्लास
किसानों की शिकायतें सुनने के बाद विधायक ने मौके पर ही JE सौरभ अजगले को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के साथ गलत व्यवहार, लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को किसानों और जनप्रतिनिधियों के सम्मान के साथ काम करने की नसीहत भी दी।
JE को हटाने के दिए निर्देश
विधायक ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात कर शिकायतों की जानकारी दी और JE को तत्काल हटाकर नए अधिकारी की नियुक्ति करने के निर्देश दिए।
बिजली व्यवस्था सुधारने का आदेश
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, खराब ट्रांसफॉर्मरों को जल्द बदला जाए। तकनीकी खराबियों का तत्काल समाधान किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसानों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय किसानों का आरोप है कि कई गांवों में कई-कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे सिंचाई और दैनिक जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिजली से जुड़े कार्यों के लिए कथित रूप से पैसे मांगे जाते हैं और शिकायतों पर समय पर कार्रवाई नहीं होती।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
निरीक्षण के दौरान विधायक द्वारा JE को फटकार लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।






