Adani vs Vedanta : एल्युमिनियम सेक्टर में अदानी की मेगा एंट्री…! ₹1.08 लाख करोड़ की एंट्री से क्या बदल जाएगा भारत का एल्युमिनियम बाजार? जानिए पूरा गणित
भारत का सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड एल्युमिनियम प्रोजेक्ट
कोरबा, 05 जुलाई। Adani vs Vedanta : भारत के एल्युमिनियम उद्योग में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अदानी समूह ने ओडिशा सरकार और अबूधाबी की इंटरनेशनल रिसोर्सेज होल्डिंग (IRH) के साथ मिलकर ₹1.08 लाख करोड़ (11.5 अरब डॉलर) के संयुक्त निवेश से विशाल एल्युमिनियम परियोजना की घोषणा की है। इस निवेश के बाद भारत के एल्युमिनियम बाजार में अब तक दबदबा रखने वाली Vedanta Aluminium और Hindalco Industries को भविष्य में एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी मिलने की संभावना है।
भारत का सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड एल्युमिनियम प्रोजेक्ट
प्रस्तावित परियोजना के तहत, 40 लाख टन प्रतिवर्ष एलुमिना रिफाइनरी। 20 लाख टन प्रतिवर्ष एल्युमिनियम स्मेल्टर। 4,000 मेगावाट कैप्टिव पावर प्लांट। 10 लाख टन डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग पार्क। करीब 53,500 रोजगार। इस परियोजना को भारत के सबसे बड़े एकीकृत एल्युमिनियम प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।
Vedanta और Hindalco के लिए क्या होगी चुनौती?
विशेषज्ञों के अनुसार अदानी की एंट्री से तीन बड़े बदलाव संभव हैं, बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, क्योंकि बड़े ग्राहकों को तीसरा प्रमुख विकल्प मिलेगा। घरेलू सप्लाई बढ़ने से कीमतों और मार्केट शेयर को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो सकती है। ऑटोमोबाइल, रेलवे, बिजली, रक्षा, पैकेजिंग और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों के लिए वैल्यू-एडेड एल्युमिनियम उत्पादों में मुकाबला बढ़ सकता है।
फिलहाल Vedanta की स्थिति मजबूत
हालांकि उद्योग विशेषज्ञ मानते हैं कि निकट भविष्य में Vedanta Aluminium की स्थिति पर बड़ा असर पड़ने की संभावना कम है। कंपनी के पास वर्षों का परिचालन अनुभव, मजबूत बॉक्साइट सप्लाई, स्थापित स्मेल्टर और रिफाइनरी नेटवर्क, व्यापक ग्राहक आधार और विकसित सप्लाई चेन जैसी मजबूत बढ़त मौजूद है।
असर दिखने में लगेगा समय
यह परियोजना अभी शुरुआती चरण में है। भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय मंजूरी और निर्माण प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्पादन शुरू होने में 4 से 5 वर्ष लग सकते हैं। इसलिए बाजार पर इसका वास्तविक प्रभाव मध्यम अवधि में देखने को मिलेगा।
भारत के मेटल सेक्टर में नई प्रतिस्पर्धा
विशेषज्ञों का मानना है कि अदानी समूह की यह एंट्री भारतीय एल्युमिनियम उद्योग के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। आने वाले वर्षों में Vedanta, Hindalco और Adani के बीच प्रतिस्पर्धा से उद्योग में निवेश, तकनीक और उत्पादन क्षमता में तेजी आने की संभावना है।






