कोरबा। Korba Jewellers Loot Case कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी मुख्य मार्ग स्थित राज ज्वैलर्स में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे क्षेत्र में दहशत और व्यापारियों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। टीम आसपास के जिलों के साथ-साथ अंतरराज्यीय स्तर पर भी संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र के माध्यम से लगातार जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
गौरतलब है कि दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जा सकता है।






